Dal Pressure Cooker Hack: दाल भारतीय घरों की रसोई का ऐसा हिस्सा है, जो लंच हो या डिनर, अक्सर खाने की थाली में नजर आ ही जाती है। प्रेशर कुकर में दाल बनाना भी काफी आसान और तेज तरीका है। हालांकि, दाल पकाते समय कई लोगों को एक परेशानी जरूर होती है,कुकर से झाग और पानी बाहर निकलने लगता है। इससे गैस के साथ-साथ पूरा किचन गंदा हो जाता है।
इसी परेशानी से बचने के लिए कई घरों में कुकर के अंदर एक छोटी स्टील की कटोरी रखी जाती है। अगर आपको भी यह तरीका देखकर हमेशा हैरानी हुई है, तो शेफ पंकज भदौरिया ने इसके पीछे की वजह बताई है।
कुकर में कटोरी रखने का क्या है फायदा?
दाल पकते समय उसमें झाग बनने लगता है। जब कुकर में प्रेशर बढ़ता है तो कई बार यही झाग और पानी सीटी के रास्ते बाहर आने लगता है। इससे कुकर के आसपास गंदगी फैल जाती है और गैस की सफाई भी करनी पड़ती है।
ऐसे में छोटी स्टील की कटोरी एक आसान किचन हैक के तौर पर इस्तेमाल की जाती है। माना जाता है कि इससे दाल से बनने वाले झाग और पानी को ऊपर की तरफ फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है। शेफ पंकज भदौरिया ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पुराने घरेलू हैक को शेयर किया है।
कटोरी रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप भी इस तरीके को आजमाने वाले हैं तो कुछ सावधानियां जरूरी हैं। सबसे पहले ऐसी छोटी स्टील की कटोरी लें, जो आपके प्रेशर कुकर के अंदर आसानी से फिट हो जाए। कटोरी इतनी बड़ी नहीं होनी चाहिए कि वह कुकर के ढक्कन या वेंट से टकराए।
इसके अलावा कुकर को जरूरत से ज्यादा भरने से बचें। दाल पकने के दौरान फूलती है और झाग भी बनाती है, इसलिए कुकर में पर्याप्त खाली जगह होना जरूरी है।
कटोरी नहीं तो चम्मच भी कर सकते हैं इस्तेमाल
शेफ पंकज के मुताबिक, दाल का पानी बाहर आने से रोकने के लिए एक छोटी स्टील की चम्मच का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके अलावा दाल पकाते समय थोड़ा देसी घी डालने से भी झाग को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
तो अगली बार दाल बनाते समय कुकर से पानी बाहर आने की परेशानी हो, तो यह आसान घरेलू हैक आपके काम आ सकता है। हालांकि, हर कुकर में अलग परिस्थितियां हो सकती हैं, इसलिए सुरक्षित तरीके से और कुकर की क्षमता के अनुसार ही खाना पकाएं।

