Viral News: प्यार में लोग क्या-क्या नहीं करते, लेकिन कभी-कभी रोमांस और रोमांच का यह मेल भारी भी पड़ सकता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कपल न्यूयॉर्क की मशहूर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की सबसे ऊंची जगह पर पहुंचकर प्रपोज़ करता दिखाई देता है। हालांकि, इस यादगार पल का अंत पुलिस की कार्रवाई के साथ हुआ।
बिना सेफ्टी गियर चढ़ गए सबसे ऊंचे हिस्से पर
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान कुज़नेत्सोव, जो रूफटॉप स्टंट के लिए जाने जाते हैं, बिना किसी सुरक्षा उपकरण के इमारत के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गए।
करीब 1454 फीट की ऊंचाई पर सिर्फ मेटल स्ट्रक्चर और एंटीना मौजूद है। इतनी ऊंचाई पर हल्की हवा भी जोखिम को कई गुना बढ़ा देती है। इसके बावजूद दोनों ने वहां पहुंचकर अपना स्टंट पूरा किया।
हवा में लहराया बैनर, फिर घुटनों पर बैठकर किया प्रपोज़
वायरल वीडियो में इवान और एंजेला सबसे ऊपर पहुंचने के बाद एक काला बैनर लहराते दिखाई देते हैं। बैनर पर लिखा था कि जब प्यार की ताकत, ताकत के आकर्षण पर भारी पड़ेगी, तब दुनिया में शांति आएगी।
इसके बाद इवान घुटनों के बल बैठ गया और रिंग निकालकर एंजेला को फिल्मी अंदाज में प्रपोज़ किया। एंजेला ने मुस्कुराते हुए हामी भरी, जिसके बाद दोनों ने इस खास पल का जश्न भी मनाया।
रोमांटिक पल के बाद हुई पुलिस की एंट्री
हालांकि, उनकी खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। कुछ ही समय बाद न्यूयॉर्क पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को हिरासत में ले लिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कपल पर गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने, खतरनाक स्टंट करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @DamonStrong नाम के अकाउंट से शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।कुछ लोग कपल की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कई यूज़र्स का कहना है कि सिर्फ वायरल होने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना बिल्कुल सही नहीं है। एम्पायर स्टेट बिल्डिंग प्रबंधन ने भी साफ कहा कि प्रपोज़ल के लिए ऑब्जर्वेशन डेक पूरी तरह सुरक्षित जगह है, लेकिन इस तरह के खतरनाक स्टंट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जा सकते।

