Nagpur Hotel Murder Case: नागपुर के मनीष नगर इलाके में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक होटल के कमरे से 28 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान शिवानी गजभिये के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शिवानी की चाकू से हमला कर हत्या की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में शिवानी के 40 वर्षीय शादीशुदा प्रेमी किरणकुमार संजय अग्राम का नाम सामने आया है। आरोपी रेलवे में नौकरी करता है और शिवानी भी रेलवे से जुड़ी हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध था।
रिश्ते में बढ़ रही थी दूरियां
जानकारी के मुताबिक, दोनों के रिश्ते में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। आए दिन होने वाले विवादों के कारण शिवानी इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी। इसी बीच किरणकुमार ने कथित तौर पर रिश्ते को लेकर बातचीत करने के बहाने शिवानी को मनीष नगर के एक होटल में बुलाया।
होटल के कमरे में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान किरणकुमार ने शिवानी का मोबाइल फोन चेक किया। फोन में मौजूद कुछ चैट और तस्वीरों को देखकर वह कथित तौर पर भड़क गया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी।
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
रिपोर्ट के मुताबिक, बहस के दौरान शिवानी ने रिश्ता खत्म करने की बात कही। इसके बाद स्थिति बेहद गंभीर हो गई। आरोप है कि किरणकुमार ने गुस्से में शिवानी पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद को भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की। उसने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोस्त होटल पहुंचे और स्टाफ की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर दोनों खून से लथपथ मिले। शिवानी की मौत हो चुकी थी, जबकि किरणकुमार गंभीर हालत में था।
पुलिस ने शुरू की जांच
आरोपी को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बेल्तरोड़ी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी सबूत जुटाए।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, होटल में हुई बातचीत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और गुस्से में उठाए गए हिंसक कदमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

