Odisha News: ओडिशा के राउरकेला रेलवे स्टेशन से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला यात्री ने रेलवे कर्मचारी पर कन्फर्म टिकट दिलाने का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी कर्मचारी को तत्काल सेवा से निलंबित कर दिया गया और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने उसे हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपनी दो चचेरी बहनों के साथ बेंगलुरु जा रही थी। यात्रा के दौरान वे गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गईं और हटिया स्टेशन पहुंच गईं। वहां से दूसरी ट्रेन लेकर तीनों राउरकेला पहुंचीं। ट्रेन रात करीब 9 बजे स्टेशन पहुंची थी।
टिकट कन्फर्म कराने का दिया भरोसा
महिला और उसकी बहनों के पास बेंगलुरु जाने का टिकट था, लेकिन वह कन्फर्म नहीं था। इसी दौरान महिला की एक चचेरी बहन ट्रेन से जुड़ी जानकारी लेने के लिए इन्क्वायरी काउंटर की ओर चली गई। महिला स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही मौजूद थी।
आरोप है कि इसी दौरान रेलवे का एक कर्मचारी महिला के पास पहुंचा। उसने कथित तौर पर कहा कि वह उसका कन्फर्म टिकट कराने में मदद कर सकता है। इसके बाद वह महिला को प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास बने एक कमरे में ले गया।
कमरे में ले जाकर वारदात का आरोप
शिकायत के मुताबिक, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की पहचान 54 वर्षीय कपिलेश्वर सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स विभाग में कार्यरत था।
महिला ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर GRP ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी कर्मचारी की जानकारी जुटाई। बाद में महिला के सामने आरोपी को लाया गया, जहां उसने उसकी पहचान की।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने महिला को राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजकर मेडिकल जांच कराई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल GRP की हिरासत में है और मामले की जांच की जा रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने महिला को पैसे देने की कोशिश की और किसी को जानकारी नहीं देने के लिए कहा।
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर उठे सवाल
राउरकेला चक्रधरपुर रेलवे डिवीजन का एक प्रमुख स्टेशन है। ऐसे में स्टेशन परिसर में यात्री की सुरक्षा से जुड़ी इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान रेलवे के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा सकती है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

