Varanasi family death case: वाराणसी में एक परिवार के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। महाराष्ट्र के रायगढ़ से विशाल मुखर्जी (55), उनकी पत्नी जया मुखर्जी (51) और बेटा ईशान मुखर्जी (27) काशी दर्शन और पूजा-पाठ के लिए 7 अगस्त को वाराणसी पहुंचे थे। तीनों ने लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में कमरा लिया था।
परिवार ने वाराणसी पहुंचने के बाद काशी विश्वनाथ समेत अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इसके बाद वे अपने होम स्टे लौट गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ घंटों में परिवार पर इतनी बड़ी मुसीबत आने वाली है।
अचानक बिगड़ी पिता की तबीयत
रविवार रात विशाल मुखर्जी की अचानक तबीयत खराब हो गई। होम स्टे कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में विशाल की मौत बीमारी के कारण होने की बात सामने आई। उनका शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया, जबकि उनकी पत्नी जया और बेटा ईशान वापस होम स्टे चले गए।
सुबह कमरे में मिली मां-बेटे की लाश
अगली सुबह जब होम स्टे कर्मचारियों ने जया और ईशान के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया।
अंदर जया और ईशान बेड पर मृत अवस्था में मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और कमरे में उल्टी के निशान भी मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिले संदिग्ध जहर के पैकेट
घटना की गंभीरता को देखते हुए लक्सा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने होम स्टे की जांच की। पुलिस को कमरे से जहर के कुछ पैकेट मिले हैं। मां-बेटे के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।
पुलिस ने होम स्टे के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
आर्थिक परेशानी की भी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि विशाल पर लोन था और उनकी पत्नी की तबीयत भी ठीक नहीं रहती थी। पुलिस को मोबाइल पर आए कुछ फोन कॉल से आर्थिक परेशानियों के बारे में जानकारी मिली।
हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी एक वजह को अंतिम कारण नहीं मान रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र में रहने वाले परिवार के रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है। उनके वाराणसी पहुंचने के बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

