बिहार के समस्तीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दाह संस्कार की तैयारी के बीच कथित मृत युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवती ने खुद को जीवित बताते हुए दावा किया कि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मामले की जांच नए सिरे से शुरू कर दी है।
दवाई लेने निकली थी, फिर हो गई थी लापता
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई पंचायत के भजनगामा गांव निवासी अनीसा कुमारी 21 जून को घर से दवाई लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते उसके अपहरण की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान बेगूसराय के गढ़पुरा क्षेत्र में तालाब किनारे बोरे में बंद एक युवती का शव मिला। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने शव की पहचान अनीसा के रूप में की थी, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।
दाह संस्कार से पहले वायरल हुआ वीडियो
सोमवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मामला अचानक पलट गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अनीसा ने खुद को सुरक्षित और जीवित बताया। उसने अपनी तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि उसने अपनी इच्छा से लव मैरिज कर ली है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और शव की पहचान पर भी सवाल उठने लगे।
पुलिस ने शुरू की नए सिरे से जांच
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है। विद्यापतिनगर थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता युवती का पता लगाना है। बरामद होने के बाद उसका बयान अदालत में दर्ज कराया जाएगा, जिससे पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी। साथ ही पहले मिले शव की पहचान और उससे जुड़े सभी पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

