spot_img
सोमवार, अगस्त 17, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

पाकिस्तान में TikTok स्टार आयशा गिलानी की हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने कार पर बरसाईं गोलियां

Crime News: पाकिस्तान की लोकप्रिय टिकटॉकर आयशा गिलानी की हत्या की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 साल की आयशा को फोन करके घर से बाहर बुलाया गया था। इसके कुछ ही समय बाद उनकी कार पर बाइक सवार हमलावरों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं।

आयशा को सोशल मीडिया पर शम्सू बीबी के नाम से भी जाना जाता था। टिकटॉक पर उनके करीब 13 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। उनकी अचानक हुई मौत से उनके चाहने वाले सदमे में हैं।

कार पर बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

घटना 14 अगस्त को पाकिस्तान के टैक्सिला इलाके में बताई जा रही है। परिवार की शिकायत के अनुसार, आयशा को काशिफ उर्फ ‘काशी’ नाम के एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन के बाद वह अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नईमतुल्लाह के साथ कार से बाहर निकलीं।

परिवार के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाया। गोली आयशा की गर्दन में लगी और उनकी मौत हो गई। गोलीबारी के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं।

CCTV फुटेज से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया है कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में संदिग्ध हमलावरों के मोटरसाइकिल से भागने की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस अब इन फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आयशा को फोन करके बाहर क्यों बुलाया गया था और हमले के पीछे असली वजह क्या थी।

क्या पहले भी मिली थी धमकी?

आयशा के पिता ने पुलिस शिकायत में कुछ लोगों के साथ कथित आर्थिक विवाद का भी जिक्र किया है। परिवार का आरोप है कि पैसे लौटाने को लेकर आयशा को धमकियां मिली थीं और इस संबंध में पहले शिकायत भी की गई थी।

फिलहाल पुलिस नामजद लोगों और अज्ञात हमलावरों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts