spot_img
Monday, June 29, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Muzaffarnagar News: घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ की कोशिश, मां-बेटी ने दिखाई बहादुरी,दोषी का किया ये हाल

Muzaffarnagar Crime Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात नाबालिग लड़की के घर में घुसकर कथित तौर पर छेड़छाड़ की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूसरे समुदाय का एक युवक घर में घुस आया और नाबालिग को पकड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने लड़की की मां के साथ भी मारपीट की। हालांकि मां-बेटी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घर में घुसने का आरोप, मां-बेटी ने पकड़ा आरोपी

परिजनों के मुताबिक, देर रात आरोपी युवक घर में घुसा और नाबालिग लड़की को पकड़ने का प्रयास किया। लड़की की मां ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मां और बेटी ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों की भीड़ से बढ़ा तनाव

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी के कुछ परिचित भी वहां पहुंचे और उसे छुड़ाने की कोशिश की, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जावेद पुत्र जुम्मा, निवासी तितावी, को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

सख्त कार्रवाई की उठी मांग

बघरा योग आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार पीड़ित परिवार के घर के आसपास देखा गया था। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

तितावी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की भी अपील की है।

 

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts