Delhi News: दिल्ली के बवाना इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में तीन साल की नर्सरी छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप स्कूल बस के ड्राइवर पर लगा है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार को घटना का पता तब चला जब 19 अगस्त की रात बच्ची के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद मां ने बच्ची से बात की। बच्ची ने स्कूल में मौजूद एक व्यक्ति के बारे में बताया, जिसे वह ‘बैड अंकल’ कह रही थी। उसने यह भी बताया कि वह व्यक्ति उसे चॉकलेट देता था।
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रशासन को जानकारी दी। 24 अगस्त को बच्ची को स्कूल में मौजूद लोगों की तस्वीरें और CCTV फुटेज दिखाई गईं। इसी दौरान उसने कथित तौर पर स्कूल बस ड्राइवर विकास की पहचान की।
इसके बाद स्कूल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहा था।
मोबाइल और CCTV की भी जांच
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। शुरुआती जांच में फोन में छोटे बच्चों से जुड़े कई वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन वीडियो में दिखाई देने वाले बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और जरूरत पड़ने पर उनकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
इसके अलावा स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी ने किसी अन्य बच्चे को भी निशाना बनाया था या नहीं।
दिल्ली में एक और गंभीर मामला
इसी बीच दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से भी एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना एक खाली स्लीपर बस में हुई। इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दोनों मामलों ने स्कूलों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, स्कूलों में कर्मचारियों की निगरानी, CCTV व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को लगातार मजबूत करना बेहद जरूरी है। पुलिस दोनों मामलों में सबूत जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

