Bollywood News: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति जहीर इकबाल अपनी खूबसूरत लव स्टोरी को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। दोनों ने कई वर्षों तक अपने रिश्ते को दुनिया से छिपाकर रखा, लेकिन अब शादी के बाद वे अपने प्यार से जुड़े मजेदार किस्से खुलकर साझा कर रहे हैं। हाल ही में दोनों ने एक ऐसा खुलासा किया, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सलमान खान को पहले ही हो गया था शक
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में पहुंचे सोनाक्षी और जहीर ने बताया कि उनके रिश्ते की शुरुआत से ही सलमान खान को कुछ अलग महसूस होने लगा था। दोनों की पहली मुलाकात भी सलमान खान की एक पार्टी में हुई थी और वहीं से दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ।जहीर इकबाल ने बताया कि उन्होंने सलमान को कभी अपने रिश्ते के बारे में नहीं बताया था, लेकिन सुपरस्टार उनकी बॉन्डिंग देखकर समझ गए थे कि दोनों के बीच दोस्ती से बढ़कर कुछ है।
हर बार करते थे इनकार
सोनाक्षी ने हंसते हुए बताया कि जब भी सलमान खान उनसे रिश्ते के बारे में पूछते थे, तो दोनों साफ इनकार कर देते थे। हालांकि सलमान को उनकी केमिस्ट्री देखकर पहले ही सब समझ आ चुका था।उन्होंने कहा कि सलमान की नजर बहुत तेज है और उनसे कोई बात ज्यादा दिनों तक छिपाना आसान नहीं होता।
एक दिन ब्रेकअप होगा’ वाली बात ने चौंका दिया
बातचीत के दौरान सोनाक्षी ने बताया कि एक बार सलमान खान ने दोनों से कहा था कि अगर रिश्ता आगे बढ़ा तो कभी ऐसा समय भी आ सकता है जब ब्रेकअप होगा और दोनों को दुख होगा। उस समय सलमान की यह बात सुनकर दोनों काफी हैरान रह गए थे।हालांकि आज दोनों शादीशुदा हैं और अपनी जिंदगी खुशी-खुशी बिता रहे हैं।
ट्रेकिंग ट्रिप पर भी दे दिया था इशारा
सोनाक्षी ने एक और मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक ट्रेकिंग ट्रिप के दौरान सलमान खान ने जहीर की तरफ देखकर सिर्फ इतना कहा था “दिख रहा है सब।” इस एक लाइन से दोनों समझ गए थे कि उनका रिश्ता अब सलमान से छिपा नहीं है।
7 साल तक रखा रिश्ता निजी
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने करीब सात साल तक अपने रिश्ते को निजी रखा। दोनों ने साल 2022 में फिल्म ‘डबल एक्सएल’ में साथ काम किया, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चाएं तेज हुईं। आखिरकार जून 2024 में दोनों ने शादी कर अपने रिश्ते को आधिकारिक बना दिया। अब यह कपल अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी लव स्टोरी और शादीशुदा जिंदगी के दिलचस्प अनुभव साझा करता रहता है।

