KBC 18:अमिताभ बच्चन का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ इन दिनों दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहा है। हालिया एपिसोड में IIT बॉम्बे के टॉपर और UPSC की तैयारी कर रहे कंटेस्टेंट योगेश साहू ने अपने शानदार ज्ञान से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने खेलते हुए 50 लाख रुपये की बड़ी रकम अपने नाम की।
हालांकि, जब उनके सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया तो योगेश ने जोखिम लेने के बजाय गेम छोड़ने का फैसला किया। उनके पास कोई लाइफलाइन भी नहीं बची थी, इसलिए उन्हें लगा कि एक गलत जवाब उनकी जीती हुई रकम छीन सकता है।
1 करोड़ के सवाल पर फंस गया मामला
अमिताभ बच्चन ने योगेश से पूछा, 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में पहली इंडियन डर्बी जीतने वाला बड़ौदा के महाराजा का घोड़ा कौन सा था?
इसके चार विकल्प थे- प्रिंसेस ब्यूटीफुल, रीगल डोमेन, स्टार ऑफ ग्वालियर और प्रिंस प्रदीप। योगेश इस सवाल के जवाब को लेकर निश्चित नहीं थे। उन्होंने गेम छोड़ना ही सुरक्षित समझा।
बाद में बिग बी ने बताया कि सही जवाब ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ था। योगेश ने मजेदार अंदाज में बताया कि उन्हें लगा कि ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ नाम घोड़ी का है, जबकि सवाल में घोड़े का जिक्र किया गया था। इसी वजह से उन्होंने इस विकल्प को हटा दिया था।
IAS बनने का सपना, ठुकराई 18 लाख की नौकरी
योगेश की कहानी सिर्फ KBC तक सीमित नहीं है। IIT बॉम्बे से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट में करीब 18 लाख रुपये सालाना की नौकरी मिली थी। लेकिन उन्होंने नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी करने का फैसला किया।
योगेश का सपना IAS अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। उनकी इस सोच और आत्मविश्वास से अमिताभ बच्चन भी काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने कंटेस्टेंट की जमकर तारीफ की।
माता-पिता ने दिया पूरा साथ
शो में योगेश के पिता ने परिवार के संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि सीमित आमदनी के बावजूद परिवार ने योगेश की पढ़ाई और सपनों में कभी कमी नहीं आने दी। आर्थिक परेशानियों के बीच भी माता-पिता ने बेटे की काबिलियत पर भरोसा बनाए रखा।
KBC 18 में आया नया फॉर्मेट
बता दें कि KBC 18 की शुरुआत 10 अगस्त से नए नियमों के साथ हुई है। इस सीजन में कुल 16 सवाल हैं और सबसे बड़ा इनाम 7 करोड़ रुपये रखा गया है। शो में शुरुआत में दो लाइफलाइन मिलती हैं, जबकि आगे बढ़ने पर दो अतिरिक्त लाइफलाइन का मौका मिलता है। अमिताभ बच्चन की शानदार मेजबानी के साथ यह सीजन दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बना हुआ है।

