spot_img
रविवार, अगस्त 30, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

पैरों में उभरी नीली नसों का राज, CVI और DVT जैसी गंभीर बीमारी का हो सकता है इशारा

Health News: कई बार पैरों या जांघों पर नीली और उभरी हुई नसें दिखाई देने लगती हैं। लोग अक्सर इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, शरीर की नसों में खून का प्रवाह ठीक नहीं होने पर ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है।

सामान्य तौर पर पैरों की ऊपरी नसें खून को अंदर मौजूद बड़ी नसों तक पहुंचाती हैं। वहां से खून दिल और फिर फेफड़ों तक जाता है। लेकिन जब अंदर की नसों में रुकावट या वाल्व की कमजोरी होती है, तो खून नीचे की ओर जमा होने लगता है। इससे नसें त्वचा के ऊपर नीली और उभरी हुई नजर आ सकती हैं।

CVI हो सकता है एक बड़ा कारण

पैरों की नसों के वाल्व कमजोर होने पर क्रोनिक वीनस इंसफिसिएंसी (CVI) की समस्या हो सकती है। इसमें खून ऊपर जाने के बजाय वापस पैरों की ओर आने लगता है। धीरे-धीरे नसों पर दबाव बढ़ता है और वे फैलने लगती हैं।

समय पर ध्यान न देने पर पैरों की त्वचा का रंग बदल सकता है। इसके अलावा खुजली, एक्जिमा और गंभीर मामलों में दर्दनाक घाव भी हो सकते हैं।

DVT में ज्यादा सावधानी जरूरी

डीप वेन थ्रंबोसिस (DVT) में पैरों की गहरी नसों में खून का थक्का बन जाता है। इससे रक्त प्रवाह बाधित हो सकता है और आसपास की नसों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

अगर अचानक एक पैर में ज्यादा सूजन, दर्द, गर्माहट या रंग में बदलाव दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। थक्का टूटकर फेफड़ों तक पहुंचने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

गर्भावस्था में भी रखें खास ध्यान

गर्भावस्था के दौरान बढ़ता हुआ गर्भाशय पैरों की नसों पर दबाव डाल सकता है। इस वजह से नसें ज्यादा दिखाई दे सकती हैं। लेकिन अगर इसके साथ अचानक पैर में सूजन या दर्द हो, तो इसे सामान्य मानकर छोड़ना सही नहीं है।

जांच और इलाज कैसे होता है?

डॉक्टर जरूरत के अनुसार डॉप्लर स्टडी, सीटी वीनोग्राम जैसी जांचों से समस्या का कारण पता लगा सकते हैं। इलाज बीमारी की वजह और गंभीरता पर निर्भर करता है।

कुछ मरीजों में कंप्रेशन स्टॉकिंग्स, व्यायाम और दवाओं से राहत मिल सकती है। वहीं गंभीर रुकावट में एंजियोप्लास्टी या स्टेंटिंग की जरूरत पड़ सकती है। CVI के कुछ मामलों में लेजर या रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।

 

(Disclaimer- यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है. हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है. The Mid Post इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts