spot_img
Friday, June 26, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

बुलंदशहर में ‘टाटा’ के नाम पर नकली चाय का बड़ा खेल बेनकाब, 40 किलो चायपत्ती जब्त

Fake Tata Tea: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली चायपत्ती के कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। खुर्जा नगर क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने ‘टाटा’ कंपनी के नाम से बेची जा रही करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध नकली चायपत्ती जब्त की है। मामले में कंपनी के प्रतिनिधियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई है और अब जांच के बाद कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

शिकायत के बाद हुई संयुक्त कार्रवाई

टाटा कंज्यूमर लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि एवं कानूनी सलाहकार प्रभात कुमार गुप्ता को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में टाटा प्रीमियम चाय के नाम पर नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मंडी दानगंज स्थित एक थोक किराना व्यापारी की दुकान पर छापेमारी की।

दुकान से मिला भारी मात्रा में संदिग्ध स्टॉक

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को टाटा कंपनी के असली पैकेट जैसे दिखने वाले रैपरों में पैक बड़ी मात्रा में चायपत्ती मिली। प्रथम दृष्टया जांच में यह नकली पैकिंग प्रतीत हुई। विभाग ने मौके से करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध चायपत्ती जब्त कर अपने कब्जे में ले ली।

जांच के लिए भेजे गए नमूने

बुलंदशहर की अपर खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त ममता चौधरी ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जब्त चाय के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेडमार्क उल्लंघन का भी मामला

टाटा कंज्यूमर लिमिटेड के लीगल एडवाइजर प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि तकनीकी जांच में पैकेट नकली पाए गए हैं। कंपनी अब संबंधित दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के तहत कानूनी कार्रवाई करेगी।

नकली उत्पादों पर विभाग की सख्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और ब्रांड की विश्वसनीयता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य उत्पाद की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts