Maharastra News: गर्मी के मौसम में आम और आमरस का स्वाद भला किसे पसंद नहीं होता, लेकिन महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से सामने आई एक घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। एक परिवार के लिए खुशियों भरा डिनर अचानक डरावने हादसे में बदल गया, जब आमरस खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के 7 सदस्य एक-एक कर बेहोश होने लगे। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
आमरस खाते ही बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, जायभाय परिवार बाजार से आम खरीदकर लाया था। रात के खाने में पूरे परिवार ने मिलकर आमरस का आनंद लिया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद परिवार के लोगों को बेचैनी, चक्कर और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर सभी लोग जमीन पर गिरने लगे।सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि इस हादसे की चपेट में परिवार की 4 साल की मासूम बच्ची भी आ गई। घर का माहौल अचानक चीख-पुकार से भर गया।
बड़े भाई की समझदारी से बची जान
इस पूरे हादसे में राहत की बात यह रही कि परिवार का बड़ा भाई उस समय खाना नहीं खा रहा था। वह देर से भोजन करने वाला था। जैसे ही उसने परिवार के बाकी सदस्यों को बेहोश होते देखा, उसने बिना देर किए सभी को तुरंत पास के एशियन हॉस्पिटल पहुंचाया।अगर वह समय रहते सतर्कता नहीं दिखाता, तो मामला और गंभीर हो सकता था। डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों को जब अस्पताल लाया गया तब उनकी हालत बेहद नाजुक थी।
तीन दिन तक चला इलाज
एशियन हॉस्पिटल के डॉक्टर सचिन पांडुले ने बताया कि सभी मरीज पूरी तरह बेहोश हालत में अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। करीब तीन दिनों तक चले इलाज के बाद परिवार के 6 सदस्यों को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि एक सदस्य का इलाज अभी भी जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आखिर क्यों हुई फूड पॉइजनिंग?
डॉक्टरों का मानना है कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का शक जताया जा रहा है कि आमों को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया गया होगा। ऐसे रसायन शरीर में जहर की तरह असर करते हैं और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
आम खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि आम खरीदते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है। बहुत ज्यादा चमकीले और एक जैसे पीले आमों से बचें। आम खाने से पहले उन्हें 1-2 घंटे पानी में भिगोकर रखें और अच्छी तरह धोकर ही खाएं। अगर आम से अजीब या दवा जैसी गंध आए, तो उसे बिल्कुल न खरीदें।अगर फल खाने के बाद चक्कर, उल्टी, सिरदर्द या पेट दर्द जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

