spot_img
Monday, June 29, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Health News: वजन कम करना है या मसल्स बनानी हैं?अब घर पर तैयार करें हेल्दी प्रोटीन पाउडर, जानें आसान रेसिपी

Health News: अगर आप बाजार में मिलने वाले प्रोटीन पाउडर की जगह कोई हेल्दी और नेचुरल विकल्प तलाश रहे हैं, तो घर पर बना प्रोटीन पाउडर आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसमें किसी तरह के आर्टिफिशियल फ्लेवर, ज्यादा शुगर या प्रिजर्वेटिव नहीं होते। यही वजह है कि यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए अच्छा माना जाता है। नियमित व्यायाम करने वाले लोगों के साथ-साथ वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग भी इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

घर पर प्रोटीन पाउडर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

इस हेल्दी प्रोटीन पाउडर को बनाने के लिए आपको कुछ आसान सामग्री चाहिए:

500 ग्राम बिना छिलके वाले भुने चने

500 ग्राम मूंगफली

250 ग्राम बादाम

250 ग्राम काजू

100 ग्राम मखाना

250 ग्राम सूखे खजूर

25 ग्राम सौंफ

10 ग्राम इलायची

ये सभी चीजें प्रोटीन के साथ-साथ फाइबर, हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होती हैं।

ऐसे तैयार करें होममेड प्रोटीन पाउडर

सबसे पहले मूंगफली, बादाम, काजू और मखाने को हल्का सूखा भून लें। इससे इनका स्वाद भी बढ़ेगा और इन्हें पीसना भी आसान होगा। अब सभी सामग्री को एक साथ मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें।इसके बाद इस तैयार पाउडर को किसी साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर सूखी जगह पर स्टोर करें। अगर आपको हल्की मिठास पसंद है तो इसमें थोड़ी-सी मिश्री का पाउडर मिला सकते हैं, लेकिन वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोग इसे बिना चीनी के ही रखें।

सेवन करने का सही तरीका

रोजाना करीब 30 ग्राम यानी 1 से 2 बड़े चम्मच प्रोटीन पाउडर को 200 मिलीलीटर दूध या पानी में मिलाकर पिएं। इसे सुबह नाश्ते के साथ या वर्कआउट के बाद लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। चाहें तो इसे स्मूदी, दलिया या ओट्स में मिलाकर भी खा सकते हैं।

क्या हैं इसके फायदे?

घर का बना यह प्रोटीन पाउडर शरीर को प्रोटीन के साथ-साथ पोटैशियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक और फाइबर जैसे जरूरी पोषक तत्व भी देता है। इससे मांसपेशियां मजबूत बनने में मदद मिल सकती है, लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है और अनहेल्दी स्नैकिंग कम हो सकती है। साथ ही इसमें किसी तरह के आर्टिफिशियल फ्लेवर या प्रिजर्वेटिव नहीं होते, इसलिए यह एक हेल्दी विकल्प माना जाता है।

ध्यान दें: यदि आपको नट्स से एलर्जी है, किडनी की बीमारी है या आप किसी विशेष मेडिकल डाइट पर हैं, तो नियमित रूप से किसी भी प्रोटीन सप्लीमेंट का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह जरूर लें।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts