Fridge Electricity Saving: फ्रिज घर के उन उपकरणों में शामिल है, जिन्हें आमतौर पर लगातार चलाया जाता है। कई लोग बिजली का बिल कम करने के लिए रात में कुछ घंटों के लिए फ्रिज बंद कर देते हैं। हालांकि, ऐसा रोजाना करना सही नहीं माना जाता।
फ्रिज बंद होते ही अंदर का तापमान बढ़ने लगता है। इससे दूध, सब्जियां, फल और पका हुआ खाना जल्दी खराब हो सकता है। तापमान बढ़ने पर बैक्टीरिया पनपने का खतरा भी बढ़ जाता है।
बार-बार बंद करने से कंप्रेसर पर असर
कुछ घंटे बंद रहने के बाद फ्रिज दोबारा चालू करने पर कंप्रेसर को अंदर का तापमान तेजी से सामान्य करना पड़ता है। इससे बिजली की खपत में अपेक्षित बचत नहीं होती और बार-बार कूलिंग साइकिल शुरू और बंद होने से कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
इसलिए सामान्य दिनों में केवल बिजली बचाने के लिए फ्रिज को रोजाना बंद करना बेहतर विकल्प नहीं है।
कब फ्रिज बंद करना सही है?
फ्रिज की डीप क्लीनिंग, बर्फ पिघलाने या कॉइल और वेंट की सफाई के दौरान इसे कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है। वहीं, अगर आप कई हफ्तों के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो फ्रिज को खाली करके, साफ और पूरी तरह सुखाकर बंद करना बेहतर है। दरवाजा थोड़ा खुला छोड़ने से बदबू और फंगस से बचने में मदद मिल सकती है।
2-3 दिन बाहर हैं तो क्या करें?
अगर आप सिर्फ दो-तीन दिन के लिए बाहर जा रहे हैं तो फ्रिज बंद करने की जरूरत नहीं है। ऐसे में उपलब्ध होने पर Eco या Vacation Mode का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बिजली की खपत कम रखने में मदद मिल सकती है, जबकि जरूरी कूलिंग बनी रहती है।

