Hair Care Tips: आजकल बाल झड़ना एक आम समस्या बन गई है। कंघी करते समय ज्यादा बाल निकलना, बालों में हाथ फेरने पर बाल टूटना या कमरे में जगह-जगह बाल दिखाई देना चिंता बढ़ा सकता है। हालांकि, हर तरह का हेयरफॉल गंजेपन का संकेत नहीं होता। इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं।
रोज कितने बाल झड़ना सामान्य है?
विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना करीब 50 से 100 बालों का झड़ना सामान्य माना जाता है। मौसम में बदलाव, शरीर में आयरन और विटामिन की कमी, लंबे समय तक तनाव, डैंड्रफ और कुछ खराब आदतों के कारण हेयरफॉल बढ़ सकता है। इसलिए बाल ज्यादा झड़ने पर सबसे पहले इसकी वजह जानना जरूरी है।
हर हेयरफॉल का इलाज एक जैसा नहीं
अगर आयरन, विटामिन डी3 या विटामिन बी12 की कमी के कारण बाल झड़ रहे हैं तो उस कमी को दूर करना जरूरी है। डैंड्रफ की समस्या में एंटी-डैंड्रफ शैंपू और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से इलाज किया जाता है। वहीं तनाव के कारण होने वाले हेयरफॉल में तनाव कम होने के बाद बालों को सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।
क्या हेयर सिरम से रुक सकता है हेयरफॉल?
हेयर सिरम हर तरह के हेयरफॉल में प्रभावी नहीं होता। अगर बाल बीच से टूट रहे हैं तो सिरम कुछ मदद कर सकता है। लेकिन जेनेटिक हेयर लॉस में बाल धीरे-धीरे पतले होकर कमजोर होते जाते हैं। ऐसे मामलों में डॉक्टर की सलाह से उचित उपचार की जरूरत पड़ सकती है।
हेयर ट्रांसप्लांट से खत्म नहीं होता हेयर लॉस
हेयर ट्रांसप्लांट कम हो चुके हिस्से में बाल वापस लाने में मदद कर सकता है, लेकिन यह जेनेटिक हेयर लॉस को पूरी तरह रोकता नहीं है। इसलिए ट्रांसप्लांट के बाद भी डॉक्टर की सलाह के अनुसार देखभाल और उपचार जरूरी हो सकता है।
बाल झड़ने से बचने के लिए अपनाएं ये 5 आदतें
स्कैल्प को साफ रखें और जरूरत के अनुसार माइल्ड या एंटी-डैंड्रफ शैंपू इस्तेमाल करें। डाइट में पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स शामिल करें। नींद का समय नियमित रखें। तनाव कम करने के लिए योग, मेडिटेशन या एक्सरसाइज करें। साथ ही धूम्रपान और अन्य नशे की आदतों से दूरी बनाने की कोशिश करें।

