Smartphone Tips: स्मार्टफोन अब हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। कॉल, पेमेंट, पढ़ाई, ऑफिस और मनोरंजन तक, ज्यादातर काम फोन से ही हो जाते हैं। ऐसे में फोन हाथ से गिर जाए या पानी में चला जाए तो चिंता होना स्वाभाविक है।
OneAssist और Hansa Research की ‘The Great Indian Smartphone Protection Crisis’ स्टडी में भारतीय यूजर्स की फोन इस्तेमाल करने की आदतों और accidental damage को लेकर कई दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 82% भारतीयों ने कम से कम एक बार अपना स्मार्टफोन गिराया है, जबकि 72% लोगों ने किसी न किसी तरह का accidental damage झेला है।
पानी में गिरा फोन तो चावल बना सहारा
स्टडी का सबसे दिलचस्प आंकड़ा फोन को चावल में रखने से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार 29% भारतीयों ने पानी से खराब हुए फोन को चावल में रखकर ठीक करने की कोशिश की।
फोन पानी में गिरने के बाद उसे चावल में रखने का तरीका काफी समय से घरेलू जुगाड़ के तौर पर लोकप्रिय है। हालांकि, इसे फोन ठीक करने का पक्का या वैज्ञानिक समाधान नहीं माना जाना चाहिए। गलत तरीके से फोन को सुखाने या तुरंत चालू करने की कोशिश करने से नुकसान बढ़ सकता है।
टूटे फोन पर टेप का भी जुगाड़
भारतीय यूजर्स सिर्फ चावल पर निर्भर नहीं रहते। स्टडी के मुताबिक करीब 20% से 32% लोगों ने टूटे या खराब फोन को चलाने के लिए टेप या दूसरे जुगाड़ का सहारा लिया।
इससे पता चलता है कि फोन खराब होने के बाद कई लोग तुरंत नया डिवाइस खरीदने के बजाय पुराने फोन को किसी तरह इस्तेमाल करते रहना पसंद करते हैं। Repair या Replacement का खर्च भी इसके पीछे एक बड़ी वजह हो सकता है।
फोन गिरा तो घबराहट भी हुई
फोन टूटने का असर सिर्फ जेब पर नहीं बल्कि मूड पर भी पड़ता है। स्टडी में 35% लोगों ने बताया कि फोन गिरने के तुरंत बाद उन्हें घबराहट हुई। वहीं 24% लोगों के मुताबिक फोन खराब होने की वजह से उनकी किसी से बहस या लड़ाई तक हो गई। करीब 15% लोगों ने फोन खराब होने के बाद अपने प्लान भी कैंसल किए।
महिलाओं में ज्यादा दिखा असर
रिपोर्ट में पुरुषों और महिलाओं के बीच भी अंतर सामने आया। 94% महिलाओं ने फोन कभी न कभी गलती से गिराने की बात कही, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 80% रहा। Accidental damage का आंकड़ा महिलाओं में 79% और पुरुषों में 71% बताया गया।
पानी में गिरे फोन के साथ क्या करें?
अगर फोन पानी में गिर जाए तो सबसे पहले उसे इस्तेमाल करना या चार्ज करना बंद कर दें। फोन को तुरंत ऑन करके चेक करने की कोशिश भी नुकसान बढ़ा सकती है। चावल जैसे घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय, खासकर जब पानी फोन के अंदर चला गया हो, अधिकृत सर्विस सेंटर से जांच करवाना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है।

