Weight Loss Journey: आज के समय में बढ़ता वजन लाखों लोगों की सबसे बड़ी चिंता बन चुका है। कई लोग महंगी डाइट, सप्लीमेंट्स और जिम पर हजारों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता। ऐसे में गुरुग्राम की रहने वाली दीप्ति हर्षणा की कहानी लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने केवल 11 महीनों में अपना वजन 92 किलो से घटाकर 60 किलो कर लिया। खास बात यह है कि उन्होंने किसी फैंसी डाइट या डाइटिशियन की मदद नहीं ली, बल्कि अपनी रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव किया।
इन 5 चीजों को कहा अलविदा
दीप्ति के अनुसार, वजन घटाने की शुरुआत उन्होंने अपनी डाइट से कुछ अनहेल्दी चीजों को हटाकर की।सबसे पहले उन्होंने कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और ज्यादा चीनी वाली चीजें पूरी तरह छोड़ दीं। उनकी जगह नींबू पानी, नारियल पानी और ग्रीन टी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया।इसके बाद उन्होंने सफेद ब्रेड खाना बंद कर दिया और उसकी जगह होल व्हीट, मल्टीग्रेन ब्रेड, सॉरडो ब्रेड और ओट्स को अपनाया।
स्नैक्स और फास्ट फूड से बनाई दूरी
दीप्ति ने चिप्स, नमकीन और पैकेट वाले स्नैक्स भी छोड़ दिए। इनकी जगह उन्होंने भुना चना, मखाना और ड्राई फ्रूट्स जैसे हेल्दी विकल्प चुने।इसके अलावा उन्होंने बर्गर, फ्रेंच फ्राइज और तले-भुने फास्ट फूड से पूरी तरह दूरी बना ली। अब उनकी प्लेट में घर का बना खाना, पनीर टिक्का, चिकन टिक्का और हेल्दी रैप्स शामिल होने लगे।
रात की स्नैकिंग भी छोड़ी
कई लोग बिना भूख के रात में कुछ न कुछ खाते रहते हैं, जिससे अतिरिक्त कैलोरी शरीर में जमा होने लगती है। दीप्ति ने इस आदत को भी छोड़ दिया। उनका मानना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लंबे समय में बड़ा असर दिखाते हैं।
घर का खाना और रोज 45 मिनट एक्सरसाइज बना सफलता का राज
दीप्ति ने बताया कि उन्होंने कोई महंगी डाइट, डिटॉक्स प्लान या वजन घटाने वाली दवा नहीं अपनाई। उनका पूरा फोकस घर का संतुलित भोजन, सही मात्रा में खाना और रोजाना 45 मिनट एक्सरसाइज करने पर रहा। नियमितता और अनुशासन ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचाया।
ध्यान रखें
हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए वजन घटाने का तरीका भी अलग हो सकता है। किसी भी बड़े डाइट या फिटनेस बदलाव से पहले डॉक्टर या योग्य न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना बेहतर रहता है। सही खानपान, नियमित व्यायाम और धैर्य के साथ स्वस्थ तरीके से वजन कम किया जा सकता है।

