Revati Sule Grand Wedding: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी का समारोह बेहद भव्य अंदाज में आयोजित किया गया। मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस खास मौके पर देश के बड़े उद्योगपति, बॉलीवुड सितारे और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इस समारोह में मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ पहुंचे, जबकि बच्चन परिवार ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
अंबानी परिवार के शाही अंदाज ने खींचा ध्यान
शादी समारोह में मुकेश अंबानी काले रंग के क्लासिक बंधगला सूट और लाल पॉकेट स्क्वेयर में नजर आए। वहीं, नीता अंबानी आइवरी रंग की खूबसूरत सिल्क साड़ी और भारी ज्वेलरी में बेहद आकर्षक दिखीं। उनके साथ अनंत अंबानी और उनकी पत्नी राधिका मर्चेंट भी समारोह का हिस्सा बने। उनकी मौजूदगी ने इस वेडिंग सेलिब्रेशन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
बच्चन परिवार ने भी दी शुभकामनाएं
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन और बेटी श्वेता बच्चन नंदा के साथ समारोह में पहुंचे। इस दौरान अंबानी परिवार और बच्चन परिवार के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी देखने को मिली, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
शाहरुख खान के डांस ने बढ़ाई थी प्री-वेडिंग की रौनक
शादी से पहले हुए संगीत समारोह में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से चार चांद लगा दिए थे। उन्होंने रेवती सुले और उनके जीवनसाथी सारंग के साथ फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के लोकप्रिय गाने ‘कोई मिल गया’ पर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
सोशल मीडिया पर छाया रेवती सुले वेडिंग सेलिब्रेशन
रेवती सुले और सारंग की शादी सिर्फ परिवारों का निजी समारोह नहीं रही, बल्कि यह राजनीति, फिल्म और बिजनेस जगत की बड़ी हस्तियों के संगम का शानदार उदाहरण बनी। अंबानी परिवार, बच्चन परिवार और अन्य सेलिब्रिटीज की मौजूदगी ने इस शादी को साल के सबसे चर्चित समारोहों में शामिल कर दिया।

