NEET Paper Leak Case: NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच लगातार तेज होती जा रही है। जांच एजेंसी ने इस केस के मुख्य आरोपी शुभम खैरनार के नासिक स्थित ऑफिस पर छापेमारी की है। इस दौरान सीबीआई ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक और कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।जांच एजेंसी अब शुभम के संपर्क में रहे छात्रों, अभिभावकों और संदिग्ध एजेंटों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क में कई लोग जुड़े हो सकते हैं।
कॉल रिकॉर्ड और चैट खंगाल रही CBI
सीबीआई अब आरोपी के मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी शुभम के चैट, कॉल रिकॉर्ड, ई-मेल और टेलीग्राम मैसेज की जांच कर रही है। जांच के दौरान अलग-अलग राज्यों के बीच हुए संदिग्ध पैसों के लेन-देन की जानकारी भी सामने आ रही है।सूत्रों के मुताबिक, कई बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि पेपर लीक नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर काम कर रहा था।
छात्रों और अभिभावकों पर बढ़ा शक
इस बीच शुभम खैरनार के नासिक स्थित ऑफिस और फ्लैट पर संदिग्ध छात्रों और उनके अभिभावकों का आना-जाना बढ़ गया है। सीबीआई को शक है कि कुछ छात्रों और अभिभावकों ने पैसे देकर पेपर खरीदा हो सकता है।इसी शक के आधार पर एजेंसी कई लोगों से पूछताछ कर रही है। नांदेड़ जिले में भी सीबीआई ने कई कोचिंग सेंटर और निजी लोगों से सवाल-जवाब किए हैं। जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा
इस मामले के कथित मास्टरमाइंड प्रोफेसर PV Kulkarni की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। जांच एजेंसियों को शक है कि अब पेपर खरीदने वाले छात्रों और उनके परिवारों की जानकारी भी सीबीआई के पास पहुंच चुकी है।इसी सिलसिले में सीबीआई की टीम ने नांदेड़ के विद्युत नगर इलाके में कदम परिवार के फ्लैट पर छापा मारा। जांच एजेंसी को शक है कि परिवार ने अपनी बेटी के लिए करीब 10 लाख रुपये देकर NEET का पेपर खरीदा था।
पुणे में करवाई गई थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, कदम परिवार की बेटी को नांदेड़ के एक निजी कोचिंग संचालक के जरिए तीन महीने के लिए पुणे भेजा गया था। वहां उसे NEET परीक्षा की विशेष तैयारी करवाई गई थी। फिलहाल सीबीआई परिवार से पूछताछ कर रही है।सूत्रों के अनुसार, मामले में एक और अभिभावक एजेंसी के रडार पर है। संभावना जताई जा रही है कि सीबीआई जल्द एक और जगह छापेमारी कर सकती है।
अभी तक कोई नई गिरफ्तारी नहीं
हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान अब तक किसी नई गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। पूछताछ पूरी करने के बाद सीबीआई की टीम वापस लौट गई। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और जल्द कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

