spot_img
Thursday, June 18, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

शादी के दो महीने बाद खत्म हुई जिंदगी: घर में कैमरे, हर पल निगरानी और अत्याचार, पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने गंवाई जान

Maharshtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय विशाखा तिलकर ने कथित तौर पर ससुराल में हो रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर पति नितिन तिलकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास और देवर की तलाश जारी है।

परिजनों के मुताबिक, विशाखा और डॉक्टर नितिन तिलकर की शादी 30 अप्रैल को हुई थी। शादी से पहले दोनों परिवारों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन शादी के बाद विशाखा की जिंदगी में मुश्किलें बढ़ने लगीं।

घर में लगाए गए थे कई CCTV कैमरे

आरोप है कि पति ने पत्नी की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर कई CCTV कैमरे लगवाए थे। विशाखा किससे बात कर रही हैं, कहां जा रही हैं और दिनभर क्या कर रही हैं, इन सभी बातों पर नजर रखी जाती थी।

परिवार का कहना है कि यदि वह किसी पड़ोसी या किसी अन्य व्यक्ति से बात करती थीं तो घर लौटने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी। कुछ दिन पहले भी पड़ोस की एक महिला से बातचीत करने पर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी।

मां को बताई थी अपनी परेशानी

मृतका के परिजनों का कहना है कि विशाखा ने आत्महत्या से पहले अपनी मां को फोन कर ससुराल में हो रहे अत्याचार और परेशानियों के बारे में बताया था। परिवार उन्हें वापस मायके लाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही उनके फांसी लगाने की सूचना मिल गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शादी में मनचाहा मान-सम्मान न मिलने से ससुराल पक्ष नाराज था और विशाखा पर मायके से पैसे और गहने लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में पति, सास और देवर के खिलाफ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न तथा आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाती है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों के आधार पर की जाएगी।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts