Uttar Pradesh की राजधानी Lucknow के काकोरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोलाकुआँ स्थित रोशन लॉन के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली 38 वर्षीय साधना मौर्या को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि साधना करीब पंद्रह फुट दूर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में साधना को इलाज के लिए ऐरा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका साधना मौर्या अपने पीछे पति आनंद टिंकू मौर्या, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
काकोरी पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके।
काकोरी इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी वाहन चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता
राजधानी लखनऊ में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। खासकर सुबह और देर रात तेज रफ्तार वाहन राहगीरों और मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

