spot_img
मंगलवार, जुलाई 14, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Uttar Pradesh: लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर बनेंगे नए डीजी, जानिए कब मिलेगा परमोशन

Uttar Pradesh कैडर के 1995 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी और वर्तमान लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर को जल्द ही डायरेक्टर जनरल (DG) रैंक पर पदोन्नत किया जाएगा। डीजी फायर सर्विसेज सुजीत पांडे के केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद डीजी स्तर का एक पद खाली हो गया है, जिससे सेंगर के प्रमोशन का रास्ता तय समय से पहले साफ हो गया है।

तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक अनुभव

बिहार के छपरा के मूल निवासी अमरेंद्र सिंह सेंगर का जन्म 1 जनवरी 1970 को हुआ था। राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर सेंगर ने अपने तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में एसपी और एसएसपी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे आईजी लॉ एंड ऑर्डर, वाराणसी जोन के आईजी, एसएसबी और एनडीआरएफ में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

राजनाथ सिंह के ओएसडी भी रह चुके हैं

वर्ष 2017 से 2019 के बीच जब राजनाथ सिंह केंद्रीय गृह मंत्री थे, तब अमरेंद्र सेंगर उनके ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) भी रहे। प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्हें यूपी पुलिस के प्रमुख अधिकारियों में गिना जाता है।

2024 में बने थे लखनऊ पुलिस कमिश्नर

21 जून 2024 को अमरेंद्र सेंगर ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर का पद संभाला था। इससे पहले इस पद पर एस.बी. शिराडकर तैनात थे, जिनके डीजी पद पर प्रमोट होने के बाद सेंगर को राजधानी की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कई प्रतिष्ठित सम्मान से हो चुके हैं सम्मानित

अमरेंद्र सेंगर को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई राष्ट्रीय और विभागीय सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2021 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा सेवा सम्मान, ओएस सर्विस मेडल, डीजी कमेंडेशन रोल, एनडीआरएफ डीजी कमेंडेशन रोल, डीजी कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर और गोल्ड) तथा उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिल चुके हैं।

लखनऊ को मिलेगा नया पुलिस कमिश्नर

सेंगर के डीजी पद पर प्रमोशन के बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नर का पद खाली हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार जल्द ही नए पुलिस कमिश्नर के नाम पर फैसला ले सकती है। माना जा रहा है कि इस सप्ताह प्रमोशन को औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद नई नियुक्ति की घोषणा भी कर दी जाएगी।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts