UP Crime: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र के रामवापुर गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में उसकी 17 वर्षीय बेटी और उसके 21 वर्षीय प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।बताया जा रहा है कि पिता ने अपनी बेटी को उसके प्रेमी के साथ खेत में देख लिया था। इसके बाद उन्होंने बेटी को डांटा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
मवेशी चराने के लिए घर से निकली थी किशोरी
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रामवापुर गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्ण के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 17 वर्षीय बेटी उनके साथ रहती थी। बताया गया है कि किशोरी की मां की मौत उसके जन्म के कुछ समय बाद ही हो गई थी।परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे किशोरी मवेशी चराने के लिए घर से निकली थी। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो कृष्ण उसकी तलाश में खेतों की ओर चले गए।
बेटी को प्रेमी के साथ देखकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, खेत में कृष्ण ने अपनी बेटी को 21 वर्षीय लक्ष्मण के साथ देखा। दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद किशोरी और लक्ष्मण ने मिलकर कृष्ण पर हंसिया से कई वार कर दिए।हमले में उनके गर्दन, सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हत्या के बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
घर नहीं लौटे कृष्ण तो शुरू हुई तलाश
शाम तक कृष्ण घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने किशोरी से भी पिता के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उसने शुरुआत में कृष्ण के बारे में कुछ भी पता होने से इनकार कर दिया।इस बीच कृष्ण का मोबाइल फोन घर पर ही मिला। इससे परिवार के लोगों को शक हुआ। पूछताछ में जब किशोरी से सख्ती की गई तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात बता दी।
उसने बताया कि कृष्ण का शव बभनौली गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों में पड़ा है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां कृष्ण का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद छावनी थाना प्रभारी जीवन त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नाबालिग किशोरी और उसके कथित प्रेमी लक्ष्मण को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

