Bulandshahr News: मामला सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर-अधैल गांव का है। 13 मई 2026 को ग्रामीणों ने इलाके में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी बिजली ठेकेदार रवित के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पत्नी पर था अवैध संबंध का शक
जांच के दौरान पुलिस का शक गांव निवासी रवि भाटी और उसके बेटे निखिल पर गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक रवित और उसका भतीजा उनके पड़ोस में रहते थे। निखिल को शक था कि उसकी पत्नी का रवित और उसके भतीजे अनुज के साथ अवैध संबंध है।
आरोपियों के अनुसार, एक दिन उन्होंने महिला को अनुज के कमरे से निकलते देखा था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगा। कुछ समय बाद पत्नी मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया, जिससे आरोपी का शक और गहरा गया।
पिता-पुत्र ने मिलकर रची साजिश
पुलिस के मुताबिक 12 मई की रात रवित फोन पर बात करते हुए घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान रवि भाटी और उसका बेटा निखिल उसे बहाने से श्मशान घाट के पास ले गए। वहां रवि ने चुन्नी से उसका मुंह दबाया, जबकि निखिल ने डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चुन्नी और अन्य सबूत भी बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

