CJP-Akhilesh Meeting: लखनऊ में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सपा लगातार बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधती रही है। ऐसे में छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर हुई यह मुलाकात राजनीतिक रूप से चर्चा में है।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने मुलाकात की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने बैठक में हुई बातचीत का ब्योरा देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि युवाओं, बेरोजगारी और स्कूली शिक्षा की स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूत्रों के मुताबिक, रांका और अखिलेश यादव के बीच जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के कार्यालय में करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। बैठक के बाद रांका ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सपा की ओर से भी बैठक के उद्देश्य या नतीजे को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया।
छात्रों के मुद्दों पर पहले भी दिखी नजदीकी
अखिलेश यादव पहले भी स्कूलों के बंद होने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में छात्रों से जुड़े मुद्दों के अलावा जेन जी और जेन अल्फा की चिंताओं पर भी चर्चा हो सकती है।
यह मुलाकात CJP की ओर से छात्रों के मुद्दों पर देशभर में चलाए जा रहे अभियानों के बीच हुई है। पिछले महीने राजस्थान में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के दौरान रांका पर कथित हमले के बाद अखिलेश यादव ने भी इस मामले को सार्वजनिक रूप से उठाया था।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में सपा नेताओं ने दिया था समर्थन
CJP ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। पुलिस पर कथित लाठीचार्ज के बाद सपा सांसद डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव समेत पार्टी के नेता प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में पहुंचे थे।
हाल ही में CJP ने 5 सितंबर को इंडिया गेट से मार्च निकालने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। पार्टी के मुताबिक, सरकार की ओर से जुलाई में किए गए वादों पर कार्रवाई और अन्य फैसलों के बाद यह निर्णय लिया गया।

