spot_img
शनिवार, अगस्त 29, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

रक्षाबंधन सिर्फ राखी नहीं, आत्मनिर्भरता का संदेश भी, CM योगी ने बेटियों के लिए गिनाईं बड़ी पहल

Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का त्योहार नहीं है। यह श्रद्धा, विश्वास, सम्मान, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। शुक्रवार को ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेहबंधन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार परिवार के रिश्तों को मजबूत करने के साथ स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों को आर्थिक मजबूती देने का भी माध्यम है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में करीब 15 करोड़ राखियां बंध रही हैं। इनमें कई राखियां बेटियों ने अपने हाथों से बनाई हैं। हर राखी के पीछे किसी कारीगर, दुकानदार और बाजार की आर्थिक गतिविधि जुड़ी है। राखी खरीदने से पैसा कारीगर तक पहुंचता है और बाजार में वापस आकर अर्थव्यवस्था को गति देता है।

मिशन शक्ति से बेटियों को मिल रहा आगे बढ़ने का मौका

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मिशन शक्ति के जरिए बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर काम कर रही है। आज बेटियां बिना डर के स्कूल जा रही हैं और शिक्षा से लेकर रोजगार तक अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने अपने शुरुआती कार्यकाल का अनुभव बताते हुए कहा कि एक बार उन्होंने गरीब परिवार की बच्चियों को बिना जूते और यूनिफॉर्म के स्कूल जाते देखा था। इसके बाद सरकार ने बच्चों को दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे और सर्दियों में स्वेटर देने की व्यवस्था शुरू की। फिलहाल प्रदेश में करीब 1.60 करोड़ बच्चों को हर साल ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

825 विकासखंडों में शिक्षा के विस्तार की तैयारी

योगी ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को आठवीं से आगे बढ़ाकर 12वीं तक करने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश के सभी 825 विकासखंडों में विद्यालयों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है। अटल आवासीय विद्यालयों में भी बेटियों की संख्या बढ़ाई गई है।

सैनिक स्कूल से रोजगार तक बेटियों को बराबर अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ स्थित कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल में 2018 से बेटियों को प्रवेश दिया गया। अब देश के सभी सैनिक स्कूलों में बेटियों के लिए प्रवेश का रास्ता खुल चुका है। उनका कहना है कि बेटियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे अपनी क्षमता के मुताबिक आगे बढ़ सकें।

योगी के मुताबिक, राज्य में महिलाओं की नौकरी और रोजगार में भागीदारी अब 36 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। कामकाजी महिलाओं के लिए बड़े शहरों में मुफ्त छात्रावास बनाने की पहल भी की जा रही है।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस सेवा

रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और नगरीय बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। महिलाएं अपने साथ एक सहयात्री के साथ इन तीन दिनों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकती हैं। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी लागू की गई है।

पीएम मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेंगी बेटियां

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बेटियों, बहनों और माताओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts