spot_img
बुधवार, जुलाई 8, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Uttar Pradesh: इटावा में जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार, शादी न करने की बताई ये अजीब वजह

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। दुल्हन ने दूल्हे और दोनों परिवारों के सामने स्वीकार किया कि वह किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ अपना भविष्य देखती है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाह रद्द कर दिया।

जयमाला के बाद बदला माहौल

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र से बारात इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मैनपुरी रोड के एक होटल में पहुंची थी। दुल्हन का परिवार कानपुर नगर के पनकी क्षेत्र का रहने वाला है। रात करीब नौ बजे जयमाला की रस्म हंसी-खुशी पूरी हुई और शादी की तैयारियां आगे बढ़ रही थीं।

इसी दौरान दुल्हन अचानक भावुक होकर रोने लगी। जब दूल्हे और परिजनों ने कारण पूछा तो उसने अपने मोबाइल में एक युवक की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि वह उससे प्रेम करती है और उसी से शादी करना चाहती है। दुल्हन ने कहा कि परिवार की इच्छा से रिश्ता तय हुआ था, लेकिन वह अपनी मर्जी के खिलाफ विवाह नहीं कर सकती।

दूल्हे ने दिखाई समझदारी

स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए दूल्हे ने दुल्हन की उसके प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई। बातचीत के बाद यह साफ हो गया कि दुल्हन अपने फैसले पर कायम है। इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई।

आपसी सहमति से रद्द हुई शादी

पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने शादी में हुए खर्च और अन्य लेनदेन पर चर्चा की। आपसी सहमति बनने के बाद विवाह निरस्त करने का फैसला लिया गया। इसके बाद बिना किसी विवाद या हंगामे के बारात वापस लौट गई।

पुलिस ने क्या कहा?

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी भी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी। इसलिए इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts