Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। पुलिस को देखते ही चोरी के मामलों में आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे में कभी पुलिस उसे नीचे उतरने के लिए समझाती रही तो कभी महिलाओं ने उसे मनाने के लिए ऐसा ऑफर दे दिया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
पुलिस पहुंची तो टावर पर चढ़ गया आरोपी
यह मामला असोथर थाना क्षेत्र के किलापर मोहल्ले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रामलखन पासवान नाम के हिस्ट्रीशीटर पर चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं। कुछ महीने पहले वह दो चोरी के मामलों में अपने साथियों के साथ जेल भी गया था।
रामलखन 15 जुलाई को जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह काम के सिलसिले में पंजाब के लुधियाना चला गया था और करीब पांच दिन पहले ही गांव वापस लौटा था।
रविवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस उसकी नियमित सत्यापन प्रक्रिया के तहत घर पहुंची। पुलिस को सामने देखते ही वह घबरा गया और बचने के लिए पास में बने मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
चार घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा
टावर पर पहुंचने के बाद रामलखन नीचे आने को तैयार नहीं था। वह लगातार पुलिस को धमकी दे रहा था कि अगर पुलिस उसके पास आई या पीछे नहीं हटी तो वह टावर से कूद जाएगा।
पुलिसकर्मी माइक के जरिए उसे समझाते रहे और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां जमा हो गए। हर कोई यह देखकर हैरान था कि आखिर आरोपी नीचे कैसे आएगा।
महिलाओं ने दिया ऐसा ऑफर, सब रह गए दंग
मामले को शांत करने के लिए भीड़ में मौजूद कुछ महिलाओं ने भी अपने अंदाज में रामलखन को समझाने की कोशिश की। उन्होंने ऊपर चिल्लाकर कहा कि ‘नीचे आ जाओ, तुम्हारी पसंद की लड़की से शादी करवा देंगे।’
महिलाओं की यह बात सुनकर माहौल कुछ देर के लिए मजेदार जरूर हो गया, लेकिन रामलखन अपनी जिद पर कायम रहा। उसने साफ कहा कि जब तक पुलिस वहां से दूर नहीं जाएगी, वह नीचे नहीं आएगा।
पुलिस हटते ही मौके से फरार
आखिरकार पुलिस ने किसी अनहोनी से बचने के लिए कुछ दूरी बना ली। पुलिस के पीछे हटते ही रामलखन तेजी से टावर से नीचे उतरा और मौका मिलते ही वहां से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष राजीव मिश्रा के अनुसार, रामलखन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और पुलिस केवल उसका सत्यापन करने पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने दबाव बनाने के लिए टावर पर चढ़ने का पूरा ड्रामा किया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है

