spot_img
गुरूवार, जुलाई 16, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद में बेटे ने पिता को चार गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट, 150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद?

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बुदाना में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 32 वर्षीय निखिल नेहरा ने अपने पिता हरिओम नेहरा (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पिता पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

गोली लगने के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल हरिओम नेहरा को मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

नशे की लत और संपत्ति विवाद की चर्चा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी निखिल नशे का आदी बताया जा रहा है और परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

150 करोड़ की संपत्ति के मालिक थे हरिओम

जानकारी के अनुसार हरिओम नेहरा के पास करीब 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित एक व्यावसायिक मार्केट समेत लगभग 150 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि कहीं संपत्ति विवाद हत्या की वजह तो नहीं बना।

आरोपी की तलाश में कई टीमें

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts