Ghaziyabad: पूर्व पार्षद हाजी खलील एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर आरोप किसी राजनीतिक विरोधी ने नहीं, बल्कि खुद को उनकी दूसरी पत्नी बताने वाली नाजरीन ने लगाए हैं। नाजरीन अपने बेटे के साथ कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और हाजी खलील के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
नाजरीन ने आरोप लगाया कि हाजी खलील को बार-बार शादी करने की आदत है। उनका कहना है कि वह हर पत्नी से बच्चे होने के बाद कुछ समय में उसे छोड़ देते हैं या घर से निकाल देते हैं।
पहली शादी की जानकारी छिपाने का आरोप
नाजरीन के मुताबिक साल 1991 में उनका निकाह हाजी खलील से हुआ था। उस समय उन्हें यह नहीं बताया गया कि खलील की पहले से शादी हो चुकी है और उनके आठ बच्चे भी हैं।
नाजरीन ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साल 2010 में हाजी खलील ने तीसरी शादी की थी, लेकिन बच्चा न होने पर पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया।
50 करोड़ की संपत्ति को लेकर विवाद
नाजरीन का सबसे बड़ा आरोप संपत्ति को लेकर है। उनका दावा है कि हाजी खलील के पास करीब 50 करोड़ रुपये की संपत्ति है। अब वह अपनी ज्यादातर प्रॉपर्टी चौथी पत्नी यासमीन के नाम करना चाहते हैं।
नाजरीन ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें और उनके बेटे को घर से निकाल दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि नई पत्नी की नजर पूरी संपत्ति पर है।
दुकान को लेकर बढ़ा विवाद
मामला तब और बढ़ गया जब नाजरीन अपनी बेटियों और बेटे के साथ कैला भट्ठा इलाके की एक दुकान पर पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक यह दुकान हाजी खलील पहले ही अपने बेटे राशिद के नाम कर चुके हैं।
आरोप है कि नाजरीन और उनके बच्चों ने राशिद को दुकान से बाहर निकालकर ताला लगा दिया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। राशिद ने दुकान के कागजात दिखाए, जबकि नाजरीन कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं।
हाजी खलील ने आरोपों को बताया गलत
उधर, हाजी खलील ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि नाजरीन उनकी पत्नी नहीं, बल्कि उनके बड़े भाई की पत्नी थीं, जिनकी साल 2002 में मौत हो चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सिर्फ दो शादियां की हैं। पहली पत्नी से आठ और दूसरी से तीन बच्चे हैं। हाजी खलील का कहना है कि यह पूरा मामला सिर्फ उनकी संपत्ति हड़पने की साजिश है।

