spot_img
Friday, June 12, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Flight Diversion: ख़राब मौसम के कारण फ्लाइट्स हुई डाइवर्ट,दिल्ली जाने वाली तीन फ्लाइटें लखनऊ उतारी गईं

Lucknow Airport: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार देर रात एक बार फिर मौसम ने करवट ली, जिसके चलते हवाई यातायात प्रभावित हुआ। खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण दिल्ली पहुंचने वाली तीन उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1054 को रात 12:18 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। मौसम सामान्य होने के बाद यह विमान शुक्रवार सुबह 7:56 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

इसी तरह गुवाहाटी से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 6317 रात 12:26 बजे लखनऊ पहुंची और तड़के 3:21 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं नागपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 6573 को रात 12:42 बजे लखनऊ उतारा गया, जो सुबह 3:12 बजे वापस रवाना हुई।

उत्तर प्रदेश में दिखे मौसम के अलग-अलग रंग

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिला। राजधानी लखनऊ में सुबह से तेज धूप और गर्मी का असर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं दूसरी ओर गोरखपुर, मेरठ समेत प्रदेश के 52 शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी।

बरेली में चली 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी

बरेली में बुधवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। यहां लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली, जिसके साथ बारिश भी हुई। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 4.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

नए पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी प्री-मानसून गतिविधि

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार से 16 जून तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों समेत लगभग सभी जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

कई जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts