Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में अघोरी साधु के वेश में आए एक शातिर ठग ने युवक को अपनी बातों में उलझाकर उसकी सोने की अंगूठी पार कर दी। यह घटना नोवेल्टी चौराहे के पास हुई, जहां दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर हजरतगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दान मांगने के बहाने बनाया निशाना
एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड निवासी आकाश शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जुलाई को दोपहर करीब 2:40 बजे वह नोवेल्टी चौराहे के पास स्थित एक छोले-कुलचे की दुकान पर खाना खाकर बाहर निकले थे। तभी अघोरी साधु के वेश में एक व्यक्ति उनके पास आया और दान मांगने लगा।
आकाश ने पहले उसे 10 रुपये देने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने यह रकम लेने से इनकार कर 50 रुपये देने की मांग की। इसी दौरान वह लगातार बातचीत कर उनका ध्यान भटकाता रहा।
बातों-बातों में उतार ली सोने की अंगूठी
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपी ने बड़ी सफाई से आकाश के दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में पहनी सोने की अंगूठी निकाल ली। कुछ देर बाद जब आकाश को अंगूठी गायब होने का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह अकेले थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी आसानी से वारदात को अंजाम देने में सफल रहा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू
आकाश ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। उनका कहना है कि नोवेल्टी चौराहे और आसपास के कई प्रतिष्ठानों पर कैमरे लगे हैं, जिनकी मदद से आरोपी की पहचान की जा सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी भेष बदलकर अन्य लोगों को भी अपना शिकार बना सकता है।
हजरतगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

