Lucknow के माल थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। पिपरी गांव निवासी 29 वर्षीय सोनी राजपूत की मौत के मामले में मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सड़क पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सैदापुर चौराहे पर लंबा जाम लग गया। एम्बुलेंस, स्कूल बस और अन्य वाहन फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
फंदे से लटका मिला था शव
मंगलवार शाम सोनी राजपूत का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई दीपक ने माल थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सात साल पहले बहन की शादी हुई थी और पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर सोनी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।
सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सैदापुर पुलिस चौकी पहुंचे और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी मुकदमा दर्ज होने तक नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति दीपराज, सास छोटकन्ना, जेठ कैलाश और ननद राजकुमारी के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस से हाथापाई का वीडियो वायरल
प्रदर्शन खत्म होने के बाद कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस से अभद्रता की, जिसके बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। इस घटना का वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है।
माल इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है, जबकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

