Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। वसंतकुंज योजना सेक्टर-आई में 25 वर्षीय युवक अभिषेक त्रिवेदी का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना उस समय सामने आई, जब उसकी पत्नी अंजलि जन्मदिन पर पति को सरप्राइज देने के लिए मायके से केक लेकर घर पहुंची थी।
पत्नी ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और पति को फोन भी किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में उसने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो कमरे के अंदर अभिषेक का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर पत्नी के होश उड़ गए।
तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह
अभिषेक लखनऊ के गुडंबा इलाके का रहने वाला था। करीब तीन साल पहले उसने गोमती नगर की रहने वाली अंजलि से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों ठाकुरगंज क्षेत्र के वसंतकुंज योजना सेक्टर-आई में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक का परिवार इस शादी से खुश नहीं था। रक्षाबंधन के चलते अंजलि बुधवार को अपने मायके गई हुई थी। अगले दिन पति का जन्मदिन था, इसलिए वह केक लेकर उन्हें सरप्राइज देने के लिए घर पहुंची थी।
आर्थिक परेशानी और EMI का दबाव
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभिषेक ने घर के खर्चों को पूरा करने के लिए कुछ लोन लिया था। बताया जा रहा है कि उसे समय पर वेतन नहीं मिल रहा था, जिसके कारण लोन की EMI चुकाने में परेशानी हो रही थी।
पुलिस के अनुसार, आर्थिक तंगी के चलते वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। शुरुआती जांच में इसी तनाव को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
इस घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर दिया है। जन्मदिन के दिन घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन कुछ ही देर में पूरा माहौल मातम में बदल गया।

