Lucknow University : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। University of Lucknow के जंतु विज्ञान विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा से फोन पर अश्लील बातें करने और परीक्षा में अनुचित लाभ देने का लालच देने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने प्रोफेसर के साथ हुई बातचीत के दो ऑडियो विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपे हैं। इनमें से एक ऑडियो में कथित तौर पर प्रोफेसर परीक्षा के प्रश्नपत्र आउट कराने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने गठित की जांच समिति
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक आंतरिक समिति भी गठित कर दी है। विश्वविद्यालय का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
इस घटना के बाद Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षण संस्थानों की गरिमा को नुकसान पहुंचाती हैं।
पुलिस हिरासत में आरोपी प्रोफेसर
पुलिस के मुताबिक 15 मई को परीक्षा नियंत्रक की ओर से लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना हसनगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त महानगर द्वारा की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि परीक्षा से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क या पेपर लीक की साजिश का इससे कोई संबंध तो नहीं है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस दोनों मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

