Mathura News: वृंदावन के वाराहघाट क्षेत्र स्थित एक आश्रम में शुक्रवार को 25 वर्षीय युवा साधु ने चार मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को उसके कमरे से खून से सना ग्राइंडर और एक डायरी मिली है। प्राइवेट पार्ट कटा मिलने के कारण पुलिस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है।
संत प्रेमानंद से लिया था दीक्षा
मृतक की पहचान दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के जबलपुर का रहने वाला था और करीब दो साल से संत प्रेमानंद के परिकर में शामिल था। बताया गया है कि दीक्षा लेने के बाद वह वाराहघाट स्थित राधा वाटिका के पास चार मंजिला गुरु कृपा कुंज आश्रम में रहता था।
छलांग लगाने के बाद मचा हड़कंप
शुक्रवार सुबह साधु ने आश्रम की सबसे ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल साधु को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कमरे में मिला खून से सना ग्राइंडर
पुलिस को साधु के कमरे से एक डायरी और खून से सना ग्राइंडर मिला है। मृतक का प्राइवेट पार्ट कटा हुआ पाया गया था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोट खुद साधु ने पहुंचाई थी या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
आत्महत्या या कोई और वजह, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में साधु को इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगाते हुए देखा गया है। हालांकि, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और प्राइवेट पार्ट कटने की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
डायरी और मोबाइल की भी जांच
पुलिस ने मृतक की डायरी और मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

