UP School Closure: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। वाराणसी, जौनपुर और बलिया में गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारियों के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है।
सभी बोर्डों के स्कूल रहेंगे बंद
स्कूल बंद रखने का आदेश परिषदीय और राजकीय विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, ICSE और CBSE समेत सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। वाराणसी के बीएसए भूपेंद्र सिंह के आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक वर्षा और अतिवृष्टि के पूर्वानुमान को देखते हुए 3 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
हालांकि, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थित रहकर विभागीय कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें अपार, DBT, U-DISE और अन्य जरूरी काम शामिल हैं।
बारिश से हादसों में 11 लोगों की मौत
प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण कई जिलों में हालात बिगड़े हैं। कच्चे मकानों, दीवारों और जर्जर ढांचों के गिरने से अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत की सूचना है। वहीं कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है।
गंगा, यमुना, टोंस और मंदाकिनी जैसी नदियां कई स्थानों पर चेतावनी या खतरे के निशान के आसपास अथवा ऊपर बह रही हैं। प्रयागराज के कछारी इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने से कई मकान प्रभावित हुए हैं और 17 परिवारों को राहत शिविरों में जाना पड़ा है।
कई जिलों में बाढ़ और जलभराव
कोरांव और मेजा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गंगा का जलस्तर बढ़ा है। बलिया, गाजीपुर, चंदौली और भदोही में भी बाढ़ तथा जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

