NEET UG Re Exam 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG Re-Exam 2026) में 21 जून को शामिल होने वाले लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे और परिवहन विभाग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।
NTA ने शुरू किया आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल
छात्रों तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाने के लिए NTA ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल शुरू किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उसके सभी आधिकारिक संदेश केवल सत्यापित नंबर +91-7827980287 से ही भेजे जाएंगे।
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि किसी भी व्हाट्सएप संदेश पर भरोसा करने से पहले ब्लू टिक और एजेंसी के नाम की पुष्टि जरूर करें। इससे फर्जी सूचनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
पुराने एडमिट कार्ड नहीं होंगे मान्य
एजेंसी ने यह भी साफ कर दिया है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के पुराने एडमिट कार्ड 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र और शहर बदले गए हैं, इसलिए नए एडमिट कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
20 लाख से अधिक छात्रों ने डाउनलोड किए प्रवेश-पत्र
NTA ने जानकारी दी है कि री-एग्जाम के लिए अब तक लगभग 20 लाख छात्र अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। इस वर्ष NEET-UG के लिए करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए देशभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।
20 जून को कोरबा-दुर्ग स्पेशल ट्रेन सुबह 10 बजे कोरबा से रवाना होकर शाम 4:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 7:05 बजे दुर्ग से चलकर रात 12:45 बजे कोरबा पहुंचेगी।
वहीं 21 जून को भी इसी रूट पर एक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद मिलेगी।
प्रयागराज से गोरखपुर के लिए विशेष परीक्षा ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के बीच विशेष अनारक्षित परीक्षा ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 20 और 21 जून को रात 8 बजे प्रयागराज रामबाग से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन बनारस, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा और थावे जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे विभिन्न जिलों के छात्रों को सुविधा मिलेगी।
अतिरिक्त रैक और ठहराव की व्यवस्था
NEET परीक्षा को देखते हुए प्रयागराज और कानपुर में रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त रैक भी तैयार रखे हैं। अनुमान है कि इन दोनों शहरों में करीब 42 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
यदि यात्रियों की संख्या अधिक होती है तो रेलवे आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कोच और रैक चलाएगा। इसके अलावा कुछ नियमित ट्रेनों को वाराणसी सिटी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है

