Laham Mutton Food Cart: कहते हैं कि अगर कुछ नया करने का जुनून हो, तो छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता की कहानी बन सकती है। नोएडा के दो दोस्तों ऋषभ कुमार और शशिकांत सिंह ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। दोनों दोस्त हफ्ते के पांच दिन कॉर्पोरेट नौकरी करते हैं और वीकेंड पर मटन का ठेला लगाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि महज 35 हजार रुपये से शुरू हुए उनके बिजनेस ने पहले ही महीने में 6 लाख रुपये का कारोबार कर लिया।
दोनों नोएडा के सेक्टर 76 में ‘लाहम’ (Laham) नाम से मटन फूड कार्ट चलाते हैं। उनकी इस छोटी सी शुरुआत को देखकर एक निवेशक ने 5 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर निवेश का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन दोनों दोस्तों ने इसे ठुकरा दिया।
नौकरी के साथ आया बिजनेस शुरू करने का आइडिया
26 वर्षीय ऋषभ और शशिकांत पहले बेंगलुरु में साथ काम करते थे। इस साल नोएडा आने के बाद दोनों ने अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बनाई। ऋषभ को फैशन और फूड इंडस्ट्री में दिलचस्पी थी, लेकिन कम बजट को देखते हुए उन्होंने फूड बिजनेस को चुना।
बिजनेस की प्लानिंग में दोनों ने अपने प्रोडक्ट मैनेजमेंट के अनुभव की मदद ली। सावन के महीने में, जब कई लोग नॉनवेज खाने से परहेज करते हैं, उन्होंने अपना काम शुरू करने का फैसला किया।
सिर्फ 35 हजार रुपये में फूड कार्ट, लाइट्स और जरूरी किचन सामान खरीदा और 5 सितंबर को स्टॉल लगा दिया। इस काम में ऋषभ की बहन प्रियंका भी साथ हैं, जो किचन संभालती हैं।
तीन घंटे में खत्म हो जाता है 25 किलो मटन
शुरुआत में दोनों दोस्तों को काफी संघर्ष करना पड़ा। पहले दिन शुरुआती तक कोई ग्राहक नहीं आया। उस दिन उन्होंने केवल 2.5 किलो मटन तैयार किया और 25 प्लेटें बेचीं।
लेकिन धीरे-धीरे उनके खाने का स्वाद लोगों को पसंद आने लगा। आज हालात ऐसे हैं कि उनका करीब 25 किलो मटन कुछ ही घंटों में बिक जाता है। कई बार ग्राहकों को टोकन लेकर करीब 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है।
एक बार तो मटन खत्म होने के कारण एक छोटा बच्चा भी निराश हो गया था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके खाने की लोकप्रियता कितनी बढ़ गई है।
5 करोड़ की वैल्यूएशन का ऑफर भी ठुकराया
लाहम की सफलता सिर्फ बिक्री तक सीमित नहीं है। बिजनेस को मिल रही लोकप्रियता के बीच निवेशक ने 5 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर निवेश का प्रस्ताव दिया, लेकिन दोनों दोस्तों ने इसे स्वीकार नहीं किया।
ऋषभ और शशिकांत की कहानी बताती है कि बिजनेस शुरू करने के लिए हमेशा बड़ी पूंजी या शानदार ऑफिस की जरूरत नहीं होती। सही प्लानिंग, मेहनत और ग्राहकों के भरोसे से एक छोटा सा वीकेंड बिजनेस भी बड़ी पहचान बना सकता है।

