spot_img
Thursday, May 7, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

हैदराबाद में पुलिस कमिश्नर का अंडरकवर ऑपरेशन,महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हुई सख्त

Hydrabad Police: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए B. Sumathi ने एक अनोखा और साहसिक अभियान चलाया। महिलाओं के साथ बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने खुद देर रात आम महिला बनकर बस स्टॉप पर खड़े होकर हालात का जायजा लिया।

हैदराबाद के दिलसुखनगर बस स्टॉप पर चलाए गए इस अंडरकवर ऑपरेशन के दौरान पुलिस कमिश्नर करीब रात 12:30 बजे से सुबह 3:30 बजे तक अकेली खड़ी रहीं। इस दौरान उन्होंने बिना किसी सुरक्षा के आम महिला यात्री की तरह व्यवहार किया, ताकि इलाके की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

महिलाओं की शिकायतों के बाद उठाया कदम

हाल ही में मल्काजगिरि पुलिस कमिश्नर का पद संभालने वाली बी. सुमति को इलाके में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती छेड़छाड़ और उत्पीड़न की शिकायतें मिल रही थीं। खासतौर पर दिलसुखनगर बस स्टॉप के आसपास छात्रावासों की संख्या अधिक होने के कारण देर रात महिला यात्रियों को असुरक्षित महसूस करना पड़ता था।

इन शिकायतों की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने खुद मैदान में उतरने का फैसला किया। उनका मकसद था यह जानना कि आखिर रात के समय महिलाओं को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

तीन घंटे में 40 लोगों ने किया परेशान

ऑपरेशन के दौरान कुछ ही देर में बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचने लगे। कई लोगों ने अश्लील टिप्पणियां कीं, कुछ ने घेरकर अभद्र सवाल पूछे। पुलिस के अनुसार, इनमें से कई युवक नशे की हालत में थे।

हालांकि उन्हें यह नहीं पता था कि जिस महिला को वे परेशान कर रहे हैं, वह खुद पुलिस कमिश्नर हैं। आसपास सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी और टीम तैनात थी, जो हर गतिविधि पर नजर रख रही थी।

40 युवक हिरासत में, होगी काउंसलिंग

ऑपरेशन खत्म होने के बाद पुलिस ने करीब 40 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि इन सभी को काउंसलिंग दी जाएगी और महिलाओं के प्रति व्यवहार को लेकर सख्त चेतावनी दी जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर बी. सुमति की जमकर तारीफ हो रही है। लोग उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहकर संबोधित कर रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए इस कदम को सराह रहे हैं।

यह अभियान एक बार फिर इस बात को उजागर करता है कि महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ कानून का विषय नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने का भी सवाल है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts