Satna News:मध्य प्रदेश के सतना में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग की हत्या के मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी ने शहर की सड़कों पर जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। जेल से रिहा होते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए शहर में निकला। उसके पीछे दर्जनों बाइक सवारों का काफिला भी चलता दिखाई दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जेल से निकलते ही समर्थकों ने निकाला जुलूस
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल मंगलवार देर शाम केंद्रीय जेल से रिहा हुआ। जेल के बाहर पहले से मौजूद समर्थकों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो कार के बोनट पर बैठ गया और सिगरेट के कश लगाते हुए शहर की सड़कों पर निकल पड़ा।
उसके पीछे दर्जनों बाइक सवारों का काफिला भी चल रहा था। इस दौरान हूटर बजाने, बिना हेलमेट बाइक चलाने और ट्रिपल राइडिंग जैसी गतिविधियां भी देखने को मिलीं। काफिला बिड़ला रोड से होते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित आरोपी के घर तक पहुंचा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी रैली का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आ रहा है, जबकि उसके पीछे बाइक सवारों की भीड़ दिखाई दे रही है।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी रहे व्यक्ति के इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन से आम लोगों के बीच गलत संदेश नहीं जाएगा? साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
आखिर क्या था 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला हत्याकांड?
मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की गोली मारकर हत्या के मामले में सह-आरोपी है। यह घटना करीब 14 महीने पहले 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वहां कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई। आरोप है कि जब सत्यम शुक्ला ने विवाद रोकने और हथियार अंदर रखने की बात कही, तो उसके साथ मौजूद कुछ युवक उस पर भड़क गए। इसी दौरान सचिन पाल ने सत्यम के सीने में गोली मार दी।
रिहाई के बाद शक्ति प्रदर्शन पर उठे सवाल
जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी के इस तरह जुलूस निकालने से शहर में चर्चा तेज हो गई है। लोग पुलिस प्रशासन से यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक सड़कों पर हुए इस प्रदर्शन को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कदम उठाती है।

