राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहा। लगातार हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। यह पिछले दिन की तुलना में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्शाता है।
रिज क्षेत्र सबसे ठंडा रहा
आईएमडी के विभिन्न मौसम केंद्रों के अनुसार, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 27.4 डिग्री और पालम में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, दिल्ली का सबसे कम तापमान रिज क्षेत्र में रिकॉर्ड हुआ, जहां पारा 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
दिल्ली के कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ बजे तक पालम में सबसे अधिक 16.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा रिज में 11.1 मिमी, आयानगर में 8.2 मिमी, सफदरजंग में 6.4 मिमी और लोधी रोड क्षेत्र में 1.6 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम खुशनुमा बना रहा।
हवा की गुणवत्ता भी बेहतर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 92 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। यह हाल के दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत माना जा रहा है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

