spot_img
शुक्रवार, सितम्बर 25, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

कालकाजी गैंगरेप केस में बड़ा खुलासा, पीड़िता ने बताई आरोपियों की धमकी और घटनास्थल की पूरी जानकारी

Delhi News:दिल्ली के कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस जांच आगे बढ़ रही है। मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों आसिफ, हेमंत और मुकेश को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बीच पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में घटना से जुड़ी कई अहम बातें बताई हैं।

पुलिसकर्मी बनकर आरोपियों ने रोका

एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता 21 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे शंभू दयाल बाग के पास आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर-8 पर पहुंची थी। आरोप है कि तीनों युवक पहले से वहां मौजूद थे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पीड़िता व उसके साथी से पूछताछ शुरू की।

इसके बाद दोनों को पार्क के अलग-अलग हिस्सों में जाने के लिए कहा गया। पीड़िता के बयान के अनुसार, उसे पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाया गया, जहां विरोध करने पर उसे धमकाया और उसके साथ मारपीट की गई।

चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी गर्दन पर चाकू रखकर उसे डराया। उसने विरोध किया और मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं माने। एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने जांच के दौरान आरोपियों के कपड़ों और हुलिये के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी। इससे पुलिस को मामले की जांच में मदद मिली।

पीड़िता खुद पुलिस को घटनास्थल तक ले गई

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस टीम को वारदात वाली जगह की पहचान कराने में मदद की। वह पुलिस के साथ दोबारा आस्था कुंज पार्क पहुंची और अपनी निशानदेही पर उस हिस्से को दिखाया, जहां घटना होने का आरोप है।

इसके बाद एफएसएल रोहिणी और जिला मोबाइल क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां से कई नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। बरामद जैविक साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों को घटना से जोड़ने वाले सबूतों की जांच हो सके।

एलएसआर छात्राओं ने भी उठाए सुरक्षा के सवाल

इस घटना के बाद दक्षिण दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। लेडी श्रीराम कॉलेज की 300 से अधिक छात्राओं ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात कर आसपास की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए।

छात्राओं ने कॉलेज के आसपास शौचालय, पिंक बूथ, खराब सीसीटीवी और रास्तों पर सुरक्षा की कमी की बात कही। बैठक में पांच डार्क स्पॉट भी चिन्हित किए गए।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts