spot_img
मंगलवार, अगस्त 11, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Monsoon Session: राम मंदिर से छात्रों तक, इन मुद्दों पर विपक्ष का हंगामा; लोकसभा की कार्यवाही हुई स्थगित

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के चौथे सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार से जवाब की मांग की। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के महज चार मिनट बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

लगातार 17वें दिन नहीं चला प्रश्नकाल

लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर चर्चा और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे थे।

हंगामे के चलते लगातार 17वें कार्यदिवस भी प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं हो सके। इससे पहले मानसून सत्र के पिछले तीन सप्ताह के दौरान भी सदन की कार्यवाही लगातार बाधित होती रही है।

ओम बिरला ने विपक्ष से की सदन चलाने की अपील

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन से जुड़े मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग पर सरकार सहमत हो चुकी है। ऐसे में विपक्ष को सदन चलने देना चाहिए।

बिरला ने कहा कि सदन को सत्ता पक्ष और विपक्ष को मिलकर चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता चाहती है कि संसद चले और सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो।

‘प्रश्नकाल सबसे महत्वपूर्ण’

लोकसभा अध्यक्ष ने कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी दलों से सदन चलाने का आग्रह किया था।

ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके जरिए सरकार की जवाबदेही तय होती है और कार्यपालिका में पारदर्शिता आती है। उन्होंने यह भी कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बीएसी की बैठक में स्पष्ट किया है कि गृह मंत्री छात्रों से जुड़े मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं।

तख्तियां लाने पर भी जताई आपत्ति

लोकसभा अध्यक्ष ने सदन के भीतर तख्तियां लेकर आने पर भी आपत्ति जताई और इसे संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं बताया। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से सहयोग की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा।

आखिरकार लोकसभा अध्यक्ष ने सुबह 11 बजकर 4 मिनट पर सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts