Aakhri Sawal Premiere: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम फिल्म ‘आख़री सवाल’ का भव्य प्रीमियर आयोजित किया गया। इस खास मौके पर फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में अभिनेत्री समीरा रेड्डी, नमाशी चक्रवर्ती, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा ने शिरकत की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रीमियर में शामिल हुईं, जिससे कार्यक्रम की रौनक और बढ़ गई।फिल्म की टीम ने मीडिया और दर्शकों से बातचीत की और फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। प्रीमियर के दौरान माहौल काफी उत्साहपूर्ण रहा और दर्शकों में फिल्म को देखने की उत्सुकता साफ दिखाई दी।
समीरा रेड्डी ने की फिल्मों में वापसी पर बात
फिल्म में पल्लवी मेनन का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने अभिनेता संजय दत्त के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि असल जिंदगी में दोनों अच्छे दोस्त हैं, इसलिए शूटिंग के दौरान काफी मज़ा आया।समीरा ने कहा कि फिल्म में उनका किरदार संजय दत्त के किरदार से टकराता है, जिससे कहानी और भी दिलचस्प बनती है। उन्होंने फिल्म को एक तथ्य आधारित और मनोरंजक कहानी बताया, जो दर्शकों पर अपनी राय थोपने के बजाय उन्हें सोचने का मौका देती है।फिल्मों में वापसी पर समीरा ने कहा कि उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह इंडस्ट्री से दूर हो गई थीं। सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम के जरिए वह लगातार अपने फैंस से जुड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि एक कलाकार हमेशा कलाकार ही रहता है।
नमाशी चक्रवर्ती ने दर्शकों से की खास अपील
अभिनेता नमाशी चक्रवर्ती ने लोगों से अपील की कि फिल्म देखे बिना इसे “प्रोपेगेंडा” न कहें। उनके अनुसार, फिल्म लोगों को सवाल पूछने के साथ-साथ जवाब सुनने की भी सीख देती है।नमाशी ने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से मिली सीख का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा उन्हें ईमानदारी और मेहनत के साथ काम करने की सलाह देते हैं।
युवाओं के लिए खास संदेश
अभिनेत्री त्रिधा चौधरी ने कहा कि देश के युवाओं को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। उनके मुताबिक, फिल्म इतिहास और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को मनोरंजक तरीके से दर्शाती है।राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग द्वारा निर्देशित ‘आख़री सवाल’ में संजय दत्त, समीरा रेड्डी, अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती और नीतू चंद्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 15 मई को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

