Bollywood news:बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर दोनों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हाल ही में गोविंदा और कोमल रानी मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं।
‘रूपा’ के लिए बप्पा से मांगी मन्नत
एक इंटरव्यू में गोविंदा ने कोमल रानी के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि वह अपनी फिल्म ‘रूपा’ के लिए प्रार्थना करने पहुंचे थे। अभिनेता ने बताया कि इससे पहले वह करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ भी बप्पा के दर्शन कर चुके हैं और उस समय उनकी फिल्में सफल रही थीं।
गोविंदा के मुताबिक, इस बार वह कोमल रानी के साथ पहुंचे और फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर हो रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी।
‘हम फेमस हो रहे हैं तो आपको क्या दिक्कत है?’
कोमल रानी के साथ लगातार जुड़ रहे नाम और डेटिंग की अटकलों पर गोविंदा ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोगों को इससे इतनी परेशानी क्यों है। उन्होंने कहा कि जब कुछ शुरू हो रहा है और लोग फेमस हो रहे हैं, तो इस पर इतनी चर्चा क्यों हो रही है।
गोविंदा और कोमल रानी की जोड़ी फिल्म ‘रूपा’ में नजर आने वाली है। दोनों के साथ दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी बॉन्डिंग को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं।
सुनीता आहूजा के बयान ने भी बढ़ाई चर्चा
इस पूरे मामले के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक बयान भी चर्चा में रहा। उन्होंने पैपराजी से बातचीत के दौरान इंसानों और पालतू जानवरों के बीच प्यार को लेकर टिप्पणी की और कहा कि जानवरों से प्यार करना बेहतर है क्योंकि वे साथ नहीं छोड़ते।
इससे पहले सुनीता गोविंदा और कोमल रानी को लेकर भी सार्वजनिक तौर पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने कोमल को अपनी बेटी की उम्र का बताते हुए गोविंदा पर तंज कसा था। इसके जवाब में गोविंदा ने कहा था कि इंडस्ट्री का एक खास ग्रुप उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
‘रूपा’ से वापसी की तैयारी में गोविंदा
गोविंदा लंबे समय बाद फिल्मी पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। ‘रूपा’ में वह कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आएंगे। वहीं, उनके बेटे यशवर्धन आहूजा भी बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। वह ‘हीरो की हॉररइन’ से डेब्यू करेंगे। फिल्म में सुनीता आहूजा, नितांशी गोयल, जेमी लीवर, चंकी पांडे और बृजेंद्र काला जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

