साउथ सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मेकर्स ने उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सन पिक्चर्स ने एक खास अनाउंसमेंट वीडियो जारी करते हुए बताया कि यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वीडियो में रजनीकांत के दमदार अंदाज की झलक देखने को मिली, जिसने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है।
2023 की ब्लॉकबस्टर ‘जेलर’ का सीक्वल
‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। यह ‘2.0’ के बाद 600 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली सबसे सफल तमिल फिल्मों में से एक बनी थी।
दमदार स्टारकास्ट से सजी होगी फिल्म
निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में मोहनलाल, शिवा राजकुमार, विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती, एसजे सूर्या, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू जैसे कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन भी फिल्म में कैमियो करते नजर आ सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अंतिम चरण में है फिल्म का काम
कुछ समय पहले रजनीकांत ने खुद जानकारी दी थी कि ‘जेलर 2’ का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा था कि जल्द ही रिलीज डेट की घोषणा की जाएगी, जिसे अब आधिकारिक रूप से सामने ला दिया गया है।
क्या टूटेगा पहली फिल्म का रिकॉर्ड?
पहली ‘जेलर’ की जबरदस्त सफलता के बाद सीक्वल से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। अनिरुद्ध रविचंदर के संगीत और नेल्सन के निर्देशन के साथ बनने वाली इस फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘जेलर 2’ अपने पहले भाग की रिकॉर्डतोड़ कमाई को पीछे छोड़ पाएगी।

