Vitamin Deficiency: अगर आपको दिनभर बार-बार उबासी आती है, बिना ज्यादा काम किए भी हर समय थकान महसूस होती है या अचानक बाल झड़ने लगे हैं, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार शरीर में दिखाई देने वाले ऐसे छोटे-छोटे बदलाव किसी जरूरी विटामिन या मिनरल की कमी का संकेत हो सकते हैं।
हाल ही में न्यूट्रिशनिस्ट अपूर्वा अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर ऐसे ही कई संकेतों और उनसे जुड़ी संभावित पोषण संबंधी कमियों के बारे में जानकारी दी है।
उबासी और थकान किस बात का संकेत हो सकती है?
एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर दिनभर बार-बार उबासी आती है तो इसकी वजह शरीर में ऑक्सीजन की कमी या पर्याप्त नींद न होना हो सकता है। ऐसे में पर्याप्त नींद लें, दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच करवाएं।
अगर बिना किसी खास मेहनत के भी लगातार थकान बनी रहती है तो यह विटामिन D की कमी का संकेत हो सकता है। इसके लिए रोजाना 15 से 20 मिनट धूप में बैठना फायदेमंद माना जाता है। यदि समस्या बनी रहे तो डॉक्टर की सलाह पर विटामिन D सप्लीमेंट लिए जा सकते हैं।
मुंह की बदबू और कानों में आवाज को भी न करें नजरअंदाज
रोज ब्रश करने के बावजूद मुंह से बदबू आना खराब गट हेल्थ या पाचन संबंधी समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में दही जैसे प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थ खाने और जीभ की अच्छी तरह सफाई करने की सलाह दी जाती है।
अगर कानों में लगातार सीटी जैसी आवाज सुनाई दे रही है तो एक बार ब्लड प्रेशर जरूर चेक करवाना चाहिए। यह हाई ब्लड प्रेशर का संकेत भी हो सकता है। इस दौरान अधिक नमक और जरूरत से ज्यादा चाय-कॉफी पीने से बचना बेहतर है। कद्दू के बीज और बादाम जैसे खाद्य पदार्थ इसमें मददगार माने जाते हैं।
अगर हाथों की उंगलियां बार-बार सुन्न पड़ती हैं तो विटामिन B12 की कमी हो सकती है।
सिरदर्द, मीठा खाने की इच्छा और मसूड़ों से खून
बार-बार सिरदर्द होना कई बार शरीर में पानी की कमी का संकेत होता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी और जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रोलाइट्स लेना चाहिए।
अगर बार-बार मीठा खाने का मन करता है तो यह मैग्नीशियम की कमी से जुड़ा हो सकता है। वहीं मसूड़ों से खून आना विटामिन C की कमी का संकेत हो सकता है। ऐसे में नींबू, संतरा और आंवला जैसी चीजों का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

